राधा अष्टमी पर गुर्जर समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा
ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ विराजीं राधा रानी, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा
गुना। दयालवाणी
गुर्जर समाज द्वारा गुर्जर कॉलोनी स्थित सिया राम गार्डन में राधा अष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में समाज के वरिष्ठों व नागरिकों ने विधि-विधान से राधा रानी का पूजन-अर्चन किया।
इसके पश्चात, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच राधा रानी को भव्य रथ में विराजमान कर आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा गुर्जर कॉलोनी से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौराहा, हनुमान चौराहा, हाट रोड, सदर बाजार, पुन: जयस्तंभ चौराहा और एबी रोड होते हुए पुराने बाईपास मार्ग से गुजरी और वापस सिया राम गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर राधा रानी का स्वागत किया। समापन पर सिया राम गार्डन में भव्य भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। इस तरह धार्मिक और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।