वेल्डिंग दुकान से चार अवैध पोटाश गन जब्त

बीनागंज में पुलिस की कार्रवाई, दुकान संचालक पर विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज

वेल्डिंग दुकान से चार अवैध पोटाश गन जब्त

गुना।दयालवाणी

जिले में आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अवैध उपकरणों के निर्माण और विक्रय के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में चांचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस ने एक वेल्डिंग दुकान पर दबिश देकर अवैध रूप से बनाई जा रही चार पोटाश गन जब्त की हैं तथा दुकान संचालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि निचला बाजार स्थित 'श्री कल्याण वेल्डिंग' नामक दुकान पर पोटाश गन का अवैध निर्माण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली। पूछताछ के दौरान दुकान संचालक ने अपनी पहचान श्रीलाल (पुत्र बंशीलाल विश्वकर्मा, उम्र 69 वर्ष, निवासी निचला बाजार, बीनागंज) के रूप में बताई। दुकान की जांच के दौरान वहां लोहे से बनी चार पोटाश गन बरामद हुईं। जब पुलिस ने इन गन के निर्माण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस की मांग की, तो संचालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रशासनिक प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन और विस्फोटक सामग्री का अवैध निर्माण पाए जाने पर पुलिस ने चारों पोटाश गन जब्त कर लीं। आरोपी श्रीलाल विश्वकर्मा के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 380/26, विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में चौकी प्रभारी नीरज लोधी और उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।