गुना में 25 स्वास्थ्य शिविरों में 4 हजार महिलाओं की जांच

जिला न्यायाधीश शैलजा गुप्ता बोलीं—हर परिस्थिति का सामना करती हैं महिलाएं, स्वास्थ्य का रखें ध्यान

गुना में 25 स्वास्थ्य शिविरों में 4 हजार महिलाओं की जांच

गुना।दयालवाणी

सृष्टि में महिला ही वह अनोखी प्राणी है जो हर परिस्थिति का डटकर सामना करती है। परिवार की धुरी महिलाएं ही होती हैं और स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन रहता है।

यह विचार जिला सत्र न्यायाधीश सुश्री शैलजा गुप्ता ने रविवार को मानस भवन में डॉ. सतीश राजपूत और टीम हेल्थ द्वारा आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। रविवार, 25 अक्टूबर को मानस भवन में आयोजित इस 25वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 215 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सुश्री गुप्ता ने कहा कि महिला के बिना परिवार की कल्पना संभव नहीं है। स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन रहता है। इस दौरान डॉ. सतीश राजपूत ने इस दौरान बताया कि कई बार महिलाएं तंगी के चलते बीमारी के शुरूआती दौर में डॉक्टर के पास नहीं जा पातीं, जिससे छोटी सी बीमारी भी महीनों में गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में यह शिविर उन महिलाओं के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रहा है जो आर्थिक तंगी के कारण अपना इलाज कराने में असमर्थ होती हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहीं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वंदना मिश्रा ने डॉ. सतीश राजपूत को इस नेक कार्य के लिए बधाई दी और महिलाओं से अपील की कि वे ऐसे शिविरों का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने विशेष रूप से 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों के प्रति सजग रहते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। वहीं, डिप्टी कलेक्टर देवांशु शिवहरे ने कहा कि महिलाओं को परिवार की देखभाल के साथ-साथ अपनी सेहत का भी रोज ध्यान रखना चाहिए और अभिभावकों को बचपन से ही बेटियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। महिलाएं स्वास्थ्य प्रति वह लापरवाही न बरतें, जो हम पीढ़ियों से करते आ रहे हैं।

कलेक्टर गुलाबों का शहर बना रहे, डॉ. राजपूत स्वस्थ गुना

अतिथियों ने कहा कि जैसे जिला प्रशासन गुना को गुलाबों का शहर बनाने के लिए प्रयासरत है, उसी तरह डॉ. राजपूत महिलाओं के स्वास्थ्य को संवारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. राजपूत द्वारा अब तक लगाए गए 25 शिविरों में लगभग 4 हजार महिलाओं का सफल स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है, जिनमें करीब 1500 से ज्यादा महिलाएं बीपीएल कार्डधारी हैं। शिविर का मंच संचालन करणसिंह ठाकुर एवं राजकुमार रजक ने किया। शिविर के आयोजन में डॉ. प्रिया विश्वास, सीमा लोधी, लता, पूजा धाकड़, काजल लोधी, सिमरन पंथी, मोनिका कुशवाह, जितेंद्र नामदेव, अरविंद कुशवाह, बाबूलाल राय, शुभम जैन, संतोष सोनी, नवीन श्रीवास्तव, गोलू बुंदेला, विनोद किरार, जितेंद्र प्रजापति, चंद्रमोहन राय, अंकित किरार, हेमंत कुशवाह, तिलक राज यादव, विष्णु बैरागी एवं लाल सिंह सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।