श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं ने मोहा मन, गिरिराज पूजन में उमड़े श्रद्धालु
महामंडलेश्वर ब्रह्मचारी महाराज ने कथा में दिए संस्कार, संयम और दान के सूत्र
गुना। दयालवाणी
शहर की सिसोदिया कॉलोनी में पिछले चार दिनों से जारी श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन कथा व्यास महामंडलेश्वर ब्रह्मचारी महाराज ने लीला पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की मधुर मंगलमयी बाल लीलाओं का मनमोहक वर्णन किया और गिरिराज जी महाराज का विशेष पूजन संपन्न हुआ।
कथा के दौरान महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत के श्रवण मात्र से अनंत जन्मों के दुख और क्लेश नष्ट हो जाते हैं। जीवन में मनुष्य का पहला सहारा मां, फिर पिता, पत्नी और पुत्र होते हैं, लेकिन संतान ऐसी होनी चाहिए जिस पर पिता गर्व कर सके और वह पिता से भी अधिक यशस्वी बने। यदि बच्चा दुराचारी बनता है, तो उसके लिए कहीं न कहीं परिवार के संस्कारों की कमी दोषी होती है। आज की भागवत कथा में पाश्चात्य संस्कृति और आधुनिक जीवनशैली पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि चकाचौंध के इस दौर में बच्चों का खान-पान और आचरण दूषित हो रहा है। उन्होंने सलाह दी कि आज के बच्चों को चाय-टोस्ट के स्थान पर सुबह-सुबह मक्खन और रोटी को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए, जिससे वे स्वस्थ रह सकें और श्री कृष्ण के आदर्शों का अनुकरण कर सकें। महाराज ने कहा कि शक्ति और संपत्ति होने के बावजूद मन को भोगों से बचाए रखना ही असली संयम है। पराई स्त्री के प्रति मां की दृष्टि और पराए धन के प्रति मिट्टी के ढेले जैसी भावना होनी चाहिए। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर नंद बाबा द्वारा किए गए दानों का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में अनजाने में होने वाली जीव हिंसा के प्रायश्चित और धन की शुद्धि के लिए किसान, व्यापारी और नौकरीपेशा लोगों को अपनी आय का दसवां हिस्सा तथा अचानक धन प्राप्ति वालों को आधा हिस्सा दान करना चाहिए। गगार्चार्य द्वारा नामकरण संस्कार का जिक्र करते हुए उन्होंने बच्चों के सार्थक नाम रखने और उनके गुणों को जीवन में उतारने का संदेश दिया। इस अवसर पर अशोक कुशवाह, डॉ. बी.पी. शर्मा, महामंडलेश्वर पप्पू जी महाराज और सागर इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिवदत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।