संपत्ति चोरों पर कैंट पुलिस का शिकंजा
रिसोर्ट से कॉपर वायर और ट्रकों से सोयाबीन ऑइल -लहसुन उड़ाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
गुना।दयालवाणी
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कैंट थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का पदार्फाश करते हुए तीन आरोपियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निमार्णाधीन रिसोर्ट से चुराया गया कॉपर वायर तथा ट्रकों से गायब किए गए सोयाबीन आॅइल के बॉक्स और लहसुन के कट्टे बरामद कर लिए हैं।
घटना की शुरूआत 1 सितंबर 2026 को हुई, जब पायगा मोहल्ला निवासी ठेकेदार समीर सोनी ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पत्रकार कॉलोनी में उनके द्वारा बनाए जा रहे एक रिसोर्ट में बिजली फिटिंग के लिए रखा गया कीमती कॉपर वायर 26-27 अगस्त की दरमियानी रात कोई अज्ञात चोर समेट ले गया। इस मामले में पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया। कैंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी मुकेश (पुत्र परशुराम केवट, उम्र 23 वर्ष, निवासी पिप्पल की बाड़ी) को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब सात किलोग्राम अधजली स्थिति में कॉपर वायर (कीमत करीब 20 हजार रुपये) बरामद कर लिया है। इस प्रकरण में फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश तेजी से जारी है।
ट्रक चालकों ने ही पार कर दिया सोयाबीन ऑइल और लहसुन
दूसरी वारदात भी 1 सितंबर 2026 को सामने आई, जब नानाखेड़ी निवासी मनोज कुमार शर्मा ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने राजस्थान के बारां से पतंजलि सोयाबीन आॅइल के बॉक्स और लहसुन के कट्टे दो अलग-अलग ट्रकों के जरिए गुना ट्रांसपोर्ट करवाए थे। जब माल की जांच की गई, तो एक ट्रक से सोयाबीन आॅइल के 15 बॉक्स (कीमत करीब 24 हजार रुपये) और दूसरे ट्रक से 20-20 किलोग्राम वाले 9 लहसुन के कट्टे (कीमत करीब 35 हजार रुपये) गायब मिले। फरियादी को दोनों ट्रकों के चालकों पर शक था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों संदेही ट्रक चालकों—लाला उर्फ कृष्णपाल (पुत्र चेतन कुशवाह, उम्र 26 वर्ष, निवासी नानाखेड़ी) और रामवीर (पुत्र राजेंद्र यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णा कॉलोनी)—को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सोयाबीन आॅइल के 10 डिब्बे (कीमत लगभग 22 हजार रुपये) और लहसुन के 7 कट्टे (कीमत लगभग 28 हजार रुपये) विधिवत जब्त कर लिए हैं।