अवैध शराब बेचने की फिराक में पिता-पुत्र गिरफ्तार

120 लीटर जहरीली कच्ची शराब जब्त

अवैध शराब बेचने की फिराक में पिता-पुत्र गिरफ्तार

गुना। दयालवाणी

जिले में अवैध शराब के विनिर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने नानाखेड़ी क्षेत्र से अवैध शराब बेचने की फिराक में बैठे पिता-पुत्र को घेराबंदी कर रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में जहरीली कच्ची शराब बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नानाखेड़ी के अवंतिका नगर के पास मसनयाई में दो व्यक्ति बड़ी-बड़ी केनों में अवैध शराब लेकर बेचने के लिए बैठे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र जादौन (57 वर्ष) और उसके पुत्र शिवा जादौन (25 वर्ष), निवासी अवंतिका नगर नानाखेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास रखी चार केनों से कुल 120 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की है, जो जांच में सूंघने पर जहरीली प्रतीत हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।