साकोन्या में दबिश देकर तीन हजार लीटर लहान नष्ट, 80 लीटर शराब जब्त
अवैध शराब की फैक्ट्री पर पुलिस का करारा प्रहार
गुना। दयालवाणी
जिले को पूरी तरह नशामुक्त, सुरक्षित और शांत बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राघौगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में पुलिस ने बड़ी दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को नेस्तनाबूद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बल ने राघौगढ़ थाना क्षेत्र के साकोन्या गांव में अचानक दबिश दी। पुलिस टीम ने गांव के आसपास खेतों, नालों और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखे गए छोटे-बड़े ड्रमों में लगभग 3,000 लीटर लहान बरामद किया गया, जिसका बाजार मूल्य करीब 3 लाख रुपये आंका गया है। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग की जाने वाली भट्ठियां और अन्य सामग्री भी मौके पर मिली। पुलिस टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर बरामद सभी सामग्री और लहान को मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में लिप्त आरोपी मक्के की फसलों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
मोटरसाइकिल से 80 लीटर अवैध शराब ले जाता आरोपी गिरफ्तार
सर्चिंग और दबिश के दौरान ही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल पर प्लास्टिक की केनों में अवैध कच्ची शराब भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही सतर्क पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर संदेही को नानारायणपुरा शक्कर कारखाने के पास रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल (निवासी ग्राम साकोन्या) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल पर टंगी केनों से हाथ भट्टी से बनी कुल 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने 8,000 रुपये मूल्य की अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त 80,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल (कुल 88,000 रुपये की सामग्री) को जप्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।