अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर पेंशनर्स संघ के सदस्यों का सम्मान
युवाओं को वृद्धजनों के सम्मान, सहयोग और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
गुना। दयालवाणी
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मन मेंटल हेल्थ अवेयरनेस एंड नेटवर्किंग सोसाइटी एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा गुना के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स संघ के सदस्यों का माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
इस दौरान 93 वर्षीय वरिष्ठतम नागरिक मुक्त बिहारी गुप्ता का विशेष सम्मान किया गया। उनकी दीर्घ जीवन यात्रा, अनुभव और समाज के प्रति योगदान को उपस्थित लोगों ने सम्मानपूर्वक स्मरण किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक डॉ. एल.के. शर्मा, डॉ. एस.पी. जैन, शैलेन्द्र शर्मा, प्रमोद शर्मा सहित विभिन्न पेंशनर्स संघों के सदस्य मौजूद रहे।
छात्रों ने नाटक और कविता से दिया संदेश
कार्यक्रम में मन कॉलेज ऑफ़ स्पेशल एजुकेशन & साइकोलॉजिकल स्टडीज , गुना के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता आधारित नाटक और कविता प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों के माध्यम से वृद्धजनों के प्रति परिवार और समाज की जिम्मेदारी, सम्मान तथा भावनात्मक सहयोग का संदेश दिया गया।
युवाओं से नियमित संवाद की अपील
जागरूकता सत्र में युवाओं को बताया गया कि वरिष्ठजनों के लिए केवल आर्थिक सहायता ही पर्याप्त नहीं है। उनका समय देना, उनसे बातचीत करना, उनकी आवश्यकताओं को समझना और उन्हें अकेलापन महसूस न होने देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। युवाओं से वरिष्ठजनों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने और उनके अनुभवों से सीखने की अपील की गई।
मन समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.बी. सिंह भाटी ने वरिष्ठजनों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए नियमित योग, हल्के व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया।
डॉ. अनिल विजयवर्गीय, निदेशक, मन मनोचिकित्सा संस्थान एवं नशामुक्ति नर्सिंग होम ने कहा कि वृद्धजनों की जरूरत केवल देखभाल नहीं, बल्कि सम्मान, अपनापन और साथ होने का एहसास भी है। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठजनों को समय और संवेदनशीलता देने की अपील की।
पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र शर्मा ने वरिष्ठजनों को समाज के अनुभव और ज्ञान का भंडार बताते हुए कहा कि उनके सम्मान और सहयोग की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की भी है।
कार्यक्रम में मन समिति की सचिव श्रीमती संगीता सिंह, कोषाध्यक्ष श्री अनिल श्रीवास्तव, डॉ. अनिल विजयवर्गीय, श्री शैलेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न पेंशनर्स संघों के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक एवं मन कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि वृद्धजनों का सम्मान केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए।