एसडीएम आरोन ने आंगनवाड़ी केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
बच्चों की साफ-सफाई और पोषण गुणवत्ता पर दिए विशेष निर्देश
आरोन। दयालवाणी
अनुविभागीय अधिकारी मंजुषा खत्री ने आरोन के वार्ड क्रमांक 1, 3 और 4 में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर बच्चों को मिलने वाली खाद्य सामग्री और तैयार भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। साथ ही, केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और बच्चों की व्यक्तिगत साफ-सफाई व बेहतर देखभाल पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर मौजूद शिक्षण एवं खेल सामग्री का उपयोग बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और गतिविधियों में समुचित रूप से करने को कहा। इसके अलावा, उन्होंने वार्ड क्रमांक 1 स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश चंदेल, परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।