गूंजा हलछठ और भगवान बलराम का जयकारा

जन्मोत्सव पर निकली विशाल शोभायात्रा, मानस भवन में हुई महाआरती

गूंजा हलछठ और भगवान बलराम का जयकारा

गुना। दयालवाणी

धाकड़ किरार नागर समाज के आराध्य और कृषि के देवता भगवान बलराम जी का जन्मोत्सव हलछठ पर्व बुधवार को गुना में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। समाज द्वारा यह परंपरा पिछले 14 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है।

बुधवार को जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुना शहर में भगवान बलराम जी की एक विशाल और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक यात्रा में पारंपरिक गाजे-बाजे, मनमोहक धार्मिक ध्वज और गूंजते भक्ति गीतों की धुनों के बीच समाज के लोग नाचते-गाते और उत्सव मनाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का कारवां शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरा। यह यात्रा गायत्री मंदिर से आरंभ होकर हनुमान चौराहा, हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज से गुजरते हुए अपने अंतिम पड़ाव मानस भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के मानस भवन पहुँचने पर सभी समाजजन एकत्र हुए और भगवान बलराम जी की सामूहिक महाआरती की गई। इसके पश्चात मानस भवन के सभागार में एक विशाल विचार सभा का आयोजन किया गया, जिसमें देश और प्रदेश स्तर के कई दिग्गज अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं के रूप में अखिल भारतीय किरार क्षत्रीय महासभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाबसिंह किरार, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा, धाकड़ महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोना सुस्तानी, और किरार क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनोजपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे और सभा को संबोधित किया। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर जिला पंचायत सदस्य महेंद्रसिंह किरार, संतोष धाकड़, आबकारी अधिकारी वीरेंद्र धाकड़, धाकड़ महासभा के जिला अध्यक्ष मनोज धाकड़ और बलराम धाकड़ सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों ने भी अपने विचार रखे और इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में योगदान दिया।