जूडो चैंपियनशिप में गुना के खिलाड़ियों ने जीते 9 पदक

दिव्यंका गोस्वामी को मिला बेस्ट प्लेयर गर्ल्स अवार्ड, दो स्वर्ण पदक विजेता राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम

जूडो चैंपियनशिप में गुना के खिलाड़ियों ने जीते 9 पदक

गुना।दयालवाणी

इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित सब-जूनियर राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप में गुना के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 1 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 9 पदक जीते। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने गुरुवार को पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और 12 से 16 दिसंबर तक लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय सब-जूनियर जूडो प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि +57 किलोग्राम बालिका वर्ग में 20 खिलाड़ियों के बीच दिव्यंका गोस्वामी ने प्रथम स्थान के साथ स्वर्ण पदक जीता और उन्हें बेस्ट प्लेयर गर्ल्स अवार्ड मिला। -50 किलोग्राम वर्ग में देव प्रजापति ने स्वर्ण और -30 किलोग्राम वर्ग में अमर भील ने रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक विजेताओं में अभिनव मीणा (-30 किग्रा), कमलेश भील (-40 किग्रा), राघव भगत (-60 किग्रा), विवेक सोंधिया (+66 किग्रा), चांदनी कोरी (-32 किग्रा) और हेम कुशवाह (-36 किग्रा) शामिल हैं। दोनों स्वर्ण पदक विजेता राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों ने नोडल खेल केंद्र जूडो, खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, जय ज्योति स्कूल और आंगन विद्यापीठ के बैनर तले हिस्सा लिया। प्रशिक्षण में कोच गौरव प्रताप सिंह चौहान, यश प्रधान, कुशाग्र राजपूत और नव्या मिश्रा की भूमिका रही। इस उपलब्धि पर मनोज शर्मा, दुर्गेश सक्सेना, प्राचार्य शिशिर चक्रवर्ती और प्राचार्य आनंद ने खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को बधाई दी।