राजस्व निरीक्षक ने मांगा नायब तहसीलदार पद पर प्रमोशन

पदोन्नति का पूरा गणित भी सरकार को बताया

राजस्व निरीक्षक ने मांगा नायब तहसीलदार पद पर प्रमोशन

गुना।दयालवाणी

राजस्व विभाग में वर्षों से सेवाएं दे रहे राजस्व निरीक्षकों ने मध्यप्रदेश सरकार से नायब तहसीलदार पद पर पदोन्नति मांगी है। इस मांग को लेकर मध्यप्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ गुना ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मांगों पर शीघ्र विचार करने का अनुरोध किया है।

ज्ञापन के जरिए राजस्व निरीक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरु करने को लेकर तर्क दिया है कि उन्हें प्रमोशन मिलता है तो भविष्य में नायब तहसीलदारों के सभी पद सीधी भर्ती से भरे जा सकेंगे। क्योंकि वर्तमान में राजस्व निरीक्षक संवर्ग के बहुत सारे साथी रिटायर होने जा रहे हैं। उन्हें नायब तहसीलदारों के समान वेतन भी मिल रहा है। इसलिए शासन पर कोई वित्तीय भार भी नहीं आएगा। ज्ञापन में बताया गया है कि राज्य में इस समय सीमित भर्ती परीक्षा को लेकर नायब तहसीलदारों के 672 पद खाली हैं और इतने ही राजस्व निरीक्षक वर्तमान में कार्यरत हैं। कुल मिलाकर पदोन्नति देने से सरकार के सामने किसी तरह की जटिलता नजर नहीं आती है। ज्ञापन देने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश नारायण साहू, कालूराम मीना, बनवारी लाल डोंगरे, बृजेश श्रीवास्तव, शत्रुघ्न सिंह रघुवंशी, राम रतन आदिवासी, कुलदीप गुप्ता सहित अधिकांश राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।