राघौगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस चल रही डेयरी यूनिट सील
मावा, पनीर और मिठाइयों के सैंपल लिए, 5 घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त
गुना । दयालवाणी
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर राघौगढ़ तहसील में खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सैंपलिंग और जांच की कार्रवाई की। एसडीएम राघौगढ़ अमित सोनी के मार्गदर्शन में तहसीलदार श्री अनुराग जैन सहित अधिकारियों की टीम ने ग्राम बेराखेड़ी में बिना लाइसेंस संचालित डेयरी यूनिट पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
जांच के दौरान डेयरी यूनिट से पनीर, मावा और दूध के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कई मिठाई दुकानों से लिए सैंपल
संयुक्त जांच टीम ने तहसील रोड राघौगढ़ स्थित भगत नमकीन भंडार से मावा और पेड़ा के सैंपल लिए। वहीं दीपक जैन स्वीट्स से मावा और बर्फी, कलर होटल से मावा बर्फी एवं गुलाब जामुन तथा रामनगर चौराहा स्थित अंबिका बीकानेर मिष्ठान भंडार से मावा और मलाई बर्फी के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
कार्रवाई के दौरान आपूर्ति विभाग की टीम ने भी कार्रवाई की। भगत नमकीन भंडार से एक और दीपक जैन स्वीट्स राघौगढ़ से चार घरेलू गैस सिलेंडर, कुल पांच घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नवीन जैन और श्री रवि कुमार शिवहरे, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती खुशबू शुक्ला सहित खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और वैध लाइसेंस सहित अन्य जरूरी मानकों की जांच की।