विकास भवन के औचक निरीक्षण में खुली पोल, 10 कर्मचारी गैरहाजिर
डीएम अशोक कुमार ने गंदगी और अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, 15 दिन में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी
हमीरपुर। दयालवाणी | पुष्पेंद्र सिंह
विकास भवन में बुधवार सुबह जिलाधिकारी अशोक कुमार के औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। परिसर, सीढ़ियों और शौचालयों में गंदगी, मकड़ी के जाले, टूटे शीशे और बेतरतीब कबाड़ मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान 10 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। डीएम ने इनके खिलाफ कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगने के निर्देश दिए।
डीएम ने समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, डीआरडीए, युवा कल्याण, कृषि, आयुष, पशु चिकित्सा और पंचायत राज समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान रिकॉर्ड के रखरखाव में भी कमियां मिलीं। लापरवाही पर उन्होंने नाजिर जितेंद्र कुमार को फटकार लगाई और मुख्य विकास अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक सामान हटाने और जरूरी अभिलेख सुरक्षित रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करने तथा स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े कार्यों का डेटा समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।