55 लीटर की टंकी, रसीद 64 लीटर डीजल की!

म्याना के पेट्रोल पंप पर किसान ने जताई आपत्ति, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

55 लीटर की टंकी, रसीद 64 लीटर डीजल की!
धांधली का दावा करता हुआ युवक।

गुना।दयालवाणी

क्या 55 लीटर की क्षमता वाली टंकी में 64 लीटर डीजल आ सकता है? म्याना स्थित एक पेट्रोल पंप पर तो कुछ ऐसा ही 'अजूबा' देखने को मिला, जिसे देखकर किसान के भी होश उड़ गए! नेशनल हाईवे-46 पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप का यह पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। एक किसान अपने स्वराज ट्रैक्टर में डीजल भरवाने म्याना के एचपी पंप पर पहुंचा था। टंकी फुल कराने के बाद जब कर्मचारी ने बिल थमाया, तो किसान हैरान रह गया। रसीद पर 64 लीटर डीजल दर्ज था! किसान का सीधा सवाल था कि जब ट्रैक्टर की पूरी टंकी ही महज 55 लीटर की है—और उसमें पहले से भी कुछ डीजल मौजूद था—तो फिर 64 लीटर डीजल कहां से समा गया? 9 लीटर से भी ज्यादा का यह 'जादुई' डीजल आखिर गया कहां? जब किसान ने इस गड़बड़ी पर कड़ा ऐतराज जताया, तो मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने अपनी सफाई में अजीबो-गरीब तर्क देते हुए कहा कि 'जीरो देखने में गलती हो गई थी।' घटना के वक्त वहां मौजूद अन्य किसानों ने तुरंत इसका वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन से इस पेट्रोल पंप की निष्पक्ष जांच कराने और धांधली पाए जाने पर पंप को तुरंत सील करने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस व प्रशासन की जांच और पेट्रोल पंप प्रबंधन के आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ पाया है।