अमोदा के आरोग्यम उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने परखी स्वास्थ्य सेवाएं, टीबी मरीजों को बांटी 'निश्चय मित्र किट'
गुना। दयालवाणी
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय है। इसी कड़ी में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को आरोन क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम अमोदा स्थित आरोग्यम उपस्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी और मरीजों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने उपस्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वहां इलाज कराने पहुंचे मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। मरीजों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उपस्वास्थ्य केंद्र पर उन्हें बेहतर उपचार मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने मानवता और सहृदयता का परिचय देते हुए टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित मरीजों को 'निश्चय मित्र किट' प्रदान की। साथ ही, उन्हें नियमित दवा लेने और स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें।
शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
क्षेत्र में स्वास्थ्य योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कलेक्टर ने उपस्थित आशा कार्यकर्ता से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बेहतर इलाज की सुविधा से वंचित न रह जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक दुबे, एसडीएम मंजुशा खत्री सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।