कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

सर्वश्रेष्ठ झांकी को जिला प्रशासन देगा 51 हजार का इनाम

कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

गुना। दयालवाणी

जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, पूर्व विधायक राजेंद्र सलूजा, जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिकरवार, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे। बैठक में गणेशोत्सव, झांकी प्रदर्शन और प्रतिमा विसर्जन की सुरक्षा व्यवस्था पर गहन मंथन किया गया।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने गुना की गौरवशाली भाईचारे की परंपरा को रेखांकित करते हुए नागरिकों से सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने झांकी आयोजकों को मुख्य मार्ग बाधित न करने, फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने घोषणा की कि नियमों का उत्कृष्ट पालन करने वाली प्रथम तीन झांकी समितियों को क्रमश: 51 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, जनसहयोग राशि की पारदर्शिता के लिए 8 सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा और मिट्टी की मूर्तियों के उपयोग व सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार पर बल दिया जाएगा।

पुलिस के वालंटियर्स रहेंगे तैनात, नियमों के पालन की अपील

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि प्रत्येक पंडाल में वालंटियर्स की तैनाती अनिवार्य होगी, जो पुलिस और प्रशासन के निरंतर संपर्क में रहेंगे। बड़े आयोजनों में सीसीटीवी, लाइटिंग और डीजे नियमों का पालन जरूरी होगा। विद्युत विभाग को खुले तार दुरुस्त करने और अस्थाई वैध कनेक्शन देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने आमजन से सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, एएसपी प्रशांत सुमन, एसडीएम शिवानी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।