गणेशपुरा में ऑटो चालक की हत्या का मामला

दो राज्यों से लोधा समाज जुटा, बमौरी थाने में दिया आवेदन

गणेशपुरा में ऑटो चालक की हत्या का मामला

गुना।दयालवाणी

गणेशपुरा गांव में 26 अगस्त को हुई ऑटो चालक गोविंद लोधा की हत्या के मामले में गुना सहित आसपास के जिलों और राजस्थान से आए समाज के प्रतिनिधियों ने बमौरी पुलिस थाने में पहुंचकर आवेदन दिया है। समाज ने वारदात को अंजाम देने वाले शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सहित मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग की है।

बमौरी पुलिस थाने में पहुंचे समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर की है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की 48 घंटों में गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बावजूद अब तक वारदात के कुछ आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। इसके अलावा समाज ने जिला प्रशासन गोविंद लोधा के परिजनों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई है। समाज ने परिवार की माली हालत का जिक्र करते हुए कहा है कि गोविंद के किसी एक आश्रित को सरकारी नौकरी भी दी जाए, जिससे उनके भरण-पोषण में किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं इस घटनाक्रम के दौरान घायल युवक रवि लोधा का बेहतर और निशुल्क उपचार कराने की मांग भी की गई है। समाज ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं होती हैं तो मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान से आए समाजजन भी गुना में बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।