सिंध नदी पुल पर ब्रेक फेल होने से भिड़ीं बस और मिनी ट्रक

बाल-बाल बचे 40 यात्री

सिंध नदी पुल पर ब्रेक फेल होने से भिड़ीं बस और मिनी ट्रक

गुना।दयालवाणी

गुना और अशोकनगर की सीमा पर सिंध नदी के पुल पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। ब्रेक फेल हो जाने के कारण यात्रियों से भरी एक बस सामने से आ रहे मिनी ट्रक से आमने-सामने जा भिड़ी। गनीमत यह रही कि संकरा पुल होने के कारण दोनों वाहनों की गति धीमी थी, जिससे वे रेलिंग तोड़कर 80 फीट गहरी नदी में नहीं गिरे और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में किसी भी यात्री या चालक को चोट नहीं आई है।

घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। बालाजी ट्रेवल्स की बस क्रमांक टढ08 ढ 2991 करीब 30-40 यात्रियों को लेकर गुना से अशोकनगर जा रही थी, जबकि विपरीत दिशा से मिनी ट्रक क्रमांक टऌ40 उळ 3619 अशोकनगर से गुना आ रहा था। सिंध नदी के पुल पर पहुंचते ही बस के ब्रेक फेल हो गए और दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर से बस का अगला कांच और दोनों वाहनों का ड्राइवर साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई इस दुर्घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, सभी यात्री, बस चालक-कंडक्टर और ट्रक ड्राइवर सुरक्षित रहे। घटना के बाद मौके पर दूसरी बस मंगवाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित अशोकनगर के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की अधिक ऊंचाई और कम चौड़ाई के चलते वाहनों की धीमी गति ही सभी यात्रियों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई।