टीईटी के विरोध में गांधी जयंती पर अध्यापकों ने किया उपवास

टीईटी के विरोध में गांधी जयंती पर अध्यापकों ने किया उपवास

गुना। दयालवाणी

महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत अध्यापक संयुक्त मोर्चा गुना द्वारा स्थानीय बापू पार्क में एक दिवसीय सांकेतिक उपवास एवं आंदोलन का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के अध्यापकों ने एकजुट होकर अपनी प्रमुख पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई।

आंदोलन के दौरान अध्यापकों ने मुख्य रूप से टीईटी परीक्षा का कड़ा विरोध करते हुए मांग करते हुए कहा है कि तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी इसके विरोध में उचित प्रावधान या विधेयक पारित किया जाए। इसके साथ ही वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा अध्यापकों की 10 से 20 वर्षों की पुरानी सेवा को शून्य कर दिया गया है, जिसे नियुक्ति दिनांक से बहाल करते हुए वास्तविक वरिष्ठता का लाभ दिया जाए। अध्यापकों ने प्रतिदिन की जाने वाली ई-अटेंडेंस व्यवस्था का भी कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जब शिक्षक स्वयं शाला में उपस्थित रहते हैं, तो उन पर भरोसा किया जाना चाहिए और कभी-कभी अपरिहार्य परिस्थितियोंवश शिक्षक के समय पर न पहुंच पाने की स्थिति में उनका वेतन न काटा जाए। इसके अलावा, पुरानी पेंशन योजना को तत्काल प्रभाव से बहाल करने की पुरजोर मांग उठाई गई तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवा की गणना उनकी मूल नियुक्ति दिनांक से करते हुए उन्हें नियमानुसार ग्रेच्युटी का भुगतान किए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।