दिवाली से पहले गुना में 30 लाख की अवैध आतिशबाजी से भरा ट्रक जब्त
म्याना पुलिस की हाईवे पर कार्रवाई, चालक के पास नहीं मिले लाइसेंस और परिवहन संबंधी दस्तावेज
गुना।दयालवाणी
दीपावली के ठीक पहले गुना पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे पटाखों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। म्याना थाना पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए अवैध आतिशबाजी से भरे एक ट्रक को धर दबोचा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक सहित कुल 30 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
म्याना थाना पुलिस को 25 अक्टूबर 2026 की शाम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक ट्रक (क्रमांक टढ09 ऌॠ 9741) में भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी भरकर बदरवास की ओर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत हाईवे पर मोर्चा संभाला। संदिग्ध वाहन के आने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम पवन (40, निवासी ग्राम चितारा, बदरवास, जिला शिवपुरी) बताया। इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी बृजमोहन सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक राजेन्द्र गौड़, रामकृष्ण रघुवंशी, दिनेश गौतम, सतीश जैन, देवेन्द्र जाटव, रंजीत सिंह, शिवकुमार वर्मा और गिर्राज धाकड़ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में अवैध विस्फोटक और आतिशबाजी के खिलाफ यह सख्ती आगे भी लगातार जारी रहेगी।
वैध दस्तावेज नहीं कर सका पेश
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी से भरे 16 बड़े कार्टून मिले, जिन पर 'नवाब खां बदरवास' और अन्य नाम अंकित थे। जब पुलिस ने वाहन चालक से आतिशबाजी के भंडारण और परिवहन से जुड़े वैध लाइसेंस या कागजात मांगे, तो वह मौके पर कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री ले जाने के जुर्म में पुलिस ने ट्रक और पटाखे जब्त कर लिए। आरोपी चालक के खिलाफ म्याना थाने में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।