एक साल से टूटी है भगत सिंह कॉलोनी की पुलिया

जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे बच्चे, जिम्मेदार बेपरवाह

एक साल से टूटी है भगत सिंह कॉलोनी की पुलिया

गुना। दयालवाणी

वार्ड क्रमांक 37 स्थित भगत सिंह कॉलोनी में नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा आम जनता और मासूम स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। करीब एक साल पहले जलभराव का हवाला देकर तोड़ी गई पुलिया का निर्माण आज तक दोबारा नहीं कराया गया है, जिससे रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों ने बताया कि यह पुलिया कॉलोनाइजर द्वारा बनवाई गई थी, जिससे किसी को कोई नुकसान नहीं था। लेकिन बीते साल नगर पालिका की जेसीबी मशीन ने इसे तोड़ दिया। नपा अमले ने अजीब तर्क देते हुए कहा था कि यहां से करीब एक किलोमीटर दूर एक अन्य कॉलोनी में पानी भर रहा है, इसलिए इस पुलिया को तोड़ना जरूरी है। उस दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया और जेसीबी के आगे तक खड़े हो गए, लेकिन प्रशासनिक अमले ने उनकी एक नहीं सुनी। पुलिया टूटने के बाद से हालात यह हैं कि रोजाना स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त पुलिया को पार करने को मजबूर हैं। टूटी हुई पुलिया के कारण यहां लगातार छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। त्रस्त रहवासियों ने समस्या के समाधान के लिए सांसद कार्यालय से लेकर कलेक्ट्रेट तक गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।