फतेहगढ़ में बड़े किसान आंदोलन की आहट
डीएपी खाद की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ किसानों ने भरी हुंकार
गुना(फतेहगढ़)।दयालवाणी
फतेहगढ़ क्षेत्र में डीएपी खाद की भारी किल्लत, ई-टोकन प्रणाली की कमियों और कालाबाजारी के विरोध में किसानों का आक्रोश फूट पड़ा है। क्षेत्र के किसानों ने आज फतेहगढ़ मंडी प्रांगण में एक विशाल बैठक आयोजित की, जिसमें सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे। बैठक में सभी किसानों ने एक स्वर में डीएपी खाद न मिलने, ई-टोकन बुक न होने और खुलेआम हो रही कालाबाजारी पर गहरी चिंता व्यक्त की और प्रशासन के खिलाफ बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की।
बैठक के दौरान किसानों ने निर्णय लिया कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेंगे और आगामी 1 तारीख को बड़ी संख्या में फतेहगढ़ पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के लिए आमंत्रित करेंगे। इस आंदोलन को सफल और व्यापक बनाने के लिए किसानों ने आपस में स्वैच्छिक धनराशि एकत्र करना भी शुरू कर दिया है। किसानों ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन लेने के लिए जिले से कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं आता है और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया जाता है, तो किसान फतेहगढ़ से वापस घर नहीं लौटेंगे, बल्कि वहीं धरने पर बैठकर आंदोलन को और उग्र करेंगे। इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।