नरवाई जलाने पर रोक लगाने मैदान में उतरा कृषि विभाग, कलेक्टर ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

गांव-गांव पहुंचकर किसानों को बताएगा पराली जलाने के नुकसान, आधुनिक कृषि यंत्रों से नरवाई प्रबंधन के लिए किया जाएगा जागरूक

नरवाई जलाने पर रोक लगाने मैदान में उतरा कृषि विभाग, कलेक्टर ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

गुना। दयालवाणी

जिले में नरवाई (पराली) जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने सोमवार को कलेक्टरेट परिसर से नरवाई प्रबंधन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यालय सहायक कृषि यंत्री, गुना द्वारा संचालित यह विशेष जागरूकता रथ जिले के उन चुनिंदा गांवों में पहुंचेगा, जहां नरवाई जलाने की घटनाएं अधिक सामने आती हैं।

रथ के माध्यम से कृषि विभाग की टीम किसानों को खेत में नरवाई जलाने से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों और इसके वैज्ञानिक तथा व्यावहारिक प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी देगी। प्रचार-प्रसार के जरिए किसानों को समझाया जाएगा कि खेत में नरवाई जलाने से मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता तेजी से घटती है, वायु प्रदूषण बढ़ता है और जमीन में मौजूद फसलों के लिए उपयोगी सूक्ष्म जीवाणु व मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं, जिससे अंतत: जमीन की उपजाऊ क्षमता प्रभावित होती है। इसके स्थान पर किसानों को नरवाई के सही प्रबंधन के लिए  उन्नत कृषि यंत्रों के प्रयोग की सलाह दी जाएगी। किसान सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर, हार्वेस्टर विद स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम और बेलर जैसे आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर नरवाई को बिना जलाए ही भूमि में मिला सकते हैं, जिससे भूमि की उर्वरता भी बनी रहती है। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि संजीव शर्मा, उपसंचालक उद्यानिकी केपीएस किरार सहित कृषि विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।