बंपर आवक बनी अन्नदाता की आफत

भीषण ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे किसान, न पीने का साफ पानी और न शौचालय की व्यवस्था

बंपर आवक बनी अन्नदाता की आफत
दशहरा मैदान में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का रैला लगा हुआ है।

गुना।दयालवाणी

नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में इन दिनों उपज की बंपर आवक किसानों के लिए राहत के बजाय बड़ी मुसीबत बन गई है। मंडी परिसर में जगह कम पड़ने के कारण सैकड़ों किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को दशहरा मैदान में खड़ा कराया गया है।

हाड़ कंपा देने वाली इस भीषण ठंड में किसान बिना किसी छत या अलाव की व्यवस्था के खुले आसमान के नीचे अपनी उपज की रखवाली करते हुए रातें गुजारने को मजबूर हैं। खेतों में दिन-रात पसीना बहाकर फसल तैयार करने वाला अन्नदाता आज अपनी ही उपज बेचने के लिए मंडी की अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचने वालों में केवल गुना ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिले अशोकनगर के किसान भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। इनमें से अधिकांश किसान अपनी मक्का की फसल लेकर आए हैं। कड़ाके की सर्दी के बीच ट्रॉलियों के नीचे या उन पर बैठकर किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर उनकी सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है।

नीलामी की अनिश्चितता और मंगलवार के अवकाश ने बढ़ाई चिंता

अशोकनगर जिले के नईसराय क्षेत्र से आए किसान रवि रघुवंशी अपनी पीड़ा बयां करते हुए बताते हैं कि वे मक्का लेकर मंडी पहुंचे थे, लेकिन अब तक उनकी उपज की नीलामी नहीं हो पाई है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि बोली कब लगेगी, इसका कोई अता-पता नहीं है। ऊपर से मंगलवार को मंडी का अवकाश होने के कारण किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, जिससे उन्हें अब बुधवार तक यहीं ठंड में ठिठुरना पड़ेगा।

बदबूदार पानी और शौचालय के अभाव में नारकीय हालात

दशहरा मैदान में रुके किसानों के सामने बुनियादी सुविधाओं का भी भारी संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि मैदान में पीने के पानी के लिए टैंकर तो खड़े किए गए हैं, लेकिन टैंकरों के पानी से तेज बदबू आ रही है, जिसे पीना मुश्किल है। इसके अलावा पूरे मैदान परिसर में शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण दूर-दराज से आए किसानों को दैनिक क्रियाओं के लिए भारी फजीहत और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है।

रविवार से इंतजार कर रहे किसानों का टूट रहा सब्र

सतनपुर से आए किसान गणेशराम बताते हैं कि वे रविवार को ही अपनी मक्का की उपज लेकर आ गए थे, लेकिन सोमवार को भी उनकी फसल की नीलामी नहीं हो सकी। इसी तरह रविवार को ही मंडी पहुंचे किसान बंटी की उपज भी बिना बिके खड़ी है। सोमवार को डाक न होने से किसानों में निराशा है और अब उन्हें बुधवार को ही नीलामी होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि पहले नानाखेड़ी मंडी परिसर के भीतर खड़ी ट्रॉलियों की बोली लगेगी और उसके बाद ही दशहरा मैदान में खड़े किसानों का नंबर आएगा।

हाइड्रोलिक ट्रॉली से खाली करने पर भी कट रहा हम्माली शुल्क

नीलामी में देरी और मौसम की मार के साथ-साथ आर्थिक शोषण भी किसानों को कचोट रहा है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे अपनी आधुनिक हाइड्रोलिक ट्रॉलियों से स्वयं ही उपज खाली करते हैं, जिसमें हम्मालों की कोई मेहनत नहीं लगती, इसके बावजूद उनसे हम्माली का पूरा चार्ज वसूला जा रहा है। ऐसी तमाम छोटी-बड़ी समस्याओं से घिरे किसान अब मंडी प्रशासन से व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की गुहार लगा रहे हैं।