श्रीराम कॉलोनी में बरसते पानी के बीच दो सूने मकानों के ताले चटकाए

रेनकोट पहनकर आए चोर ने नगदी और जेवर पार किए

श्रीराम कॉलोनी में बरसते पानी के बीच दो सूने मकानों के ताले चटकाए

गुना। दयालवाणी

शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत श्रीराम कॉलोनी में बदमाशों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। लगातार हो रही बारिश के बीच एक बदमाश रेनकोट पहनकर कॉलोनी में दाखिल हुआ और दो मकानों के ताले तोड़कर नकदी व आभूषण चुरा ले गया। घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है।

कॉलोनी में रहने वाले विजय अहिरवार और ज्ञान सिंह के मकानों को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। ज्ञान सिंह अपने दूसरे मकान में रहते हैं, इसलिए उनके कमरे में कुछ भी नहीं रखा हुआ था, लेकिन विजय अहिरवार का मकान सूना था क्योंकि उनकी पत्नी बाहर गई हुई थीं और पति भी घर पर मौजूद नहीं थे। सूने मकान का फायदा उठाकर बदमाश ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर घुस गया। चोर वहां से लगभग पच्चीस हजार रुपये नकद और करीब एक तोला सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। वारदात के बाद जब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो उसमें एक संदिग्ध आरोपी नजर आया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तड़के करीब 4 बजे बदमाश आराम से गली में टहलते हुए आया और दोनों मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। हालांकि, फुटेज में आरोपी की शक्ल नजर आ रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों मकान मालिकों ने लिखित आवेदन के जरिए कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश और मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।