एक और मुक्तिधाम की दुर्दशा आई सामने

पुरापोसर पंचायत के मुखावन में खुले आसमान के नीचे हुआ अंतिम संस्कार

एक और मुक्तिधाम की दुर्दशा आई सामने

गुना। दयालवाणी

जिले के ग्रामीण अंचलों में मुक्तिधामों की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं का अभाव अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। गुना शहर के दो प्रमुख मुक्तिधामों में अव्यवस्थाओं का मुद्दा अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब पुरापोसर पंचायत के मुखावन गांव से बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है, जहां टीनशेड न होने के कारण बारिश के बीच खुले आसमान तले अंतिम संस्कार करने को मजबूर होना पड़ा।

गुना तहसील के मुखावन गांव निवासी 36 वर्षीय भगवानलाल भील पिता हरिचरण भील का बीमारी के चलते निधन हो गया था। जब परिजन और ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए, तो वहां मुक्तिधाम के नाम पर महज एक खाली मैदान नजर आया। मुक्तिधाम में न तो टीनशेड है और न ही सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल बनाई गई है। अंतिम संस्कार के दौरान हल्की बारिश शुरू हो जाने के कारण चिता को अग्नि देने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद किसी तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सकी। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में यहां हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। मुक्तिधाम के पास ही मकरावदा बांध स्थित है, जो लबालब भरने पर मुक्तिधाम की जमीन तक पानी से जलमग्न हो जाता है। गांव के लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर स्थानीय सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन वे कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। जिम्मेदार प्रशासनिक तंत्र और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को परिजनों के अंतिम संस्कार जैसे दुखद समय में भी भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।