कलेक्टर के नवाचार को मिली राष्ट्रीय पहचान
भूमि विवादों के त्वरित निराकरण के लिए 'मोबाइल कोर्ट' को प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड
गुना।दयालवाणी
जिला प्रशासन गुना के एक और बड़े प्रशासनिक नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिले में भूमि विवादों के त्वरित निराकरण के लिए शुरू किए गए 'मोबाइल कोर्ट' (मोबाइल न्यायालय) की अभिनव पहल को नई दिल्ली में आयोजित 109वें स्कोच शिखर सम्मेलन में 'समावेशी विकास की नींव' श्रेणी के अंतर्गत प्रतिष्ठित 'स्कोच अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की कार्यप्रणाली और उनकी प्रशासनिक दूरदर्शिता को दशार्ता है, जिसे उनकी ओर से एसडीएम अमित सोनी और तहसीलदार देवदत्त गोलिया ने नई दिल्ली में ग्रहण किया।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में संचालित इस 'मोबाइल कोर्ट' का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और राजस्व विभाग को आम जनता के द्वार तक पहुँचाना है, ताकि भूमि संबंधी मामलों एवं जटिल विवादों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जा सके। इस प्रभावी पहल के माध्यम से अब तक लगभग 424 से अधिक मामलों का सफलतापूर्ल्वक निराकरण किया जा चुका है। लंबे समय से लंबित पड़े भूमि विवादों को दोनों पक्षों की आपसी सहमति से सुलझाने में इस पहल के बेहतरीन परिणाम सामने आए हैं।
समयबद्ध निराकरण से जनता को मिली राहत
इस व्यवस्था के तहत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी सीधे मैदानी स्तर पर पहुंचकर प्रकरणों की सुनवाई करते हैं। इससे आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत मिली है और प्रशासनिक सेवाएं अत्यधिक सुगम हो गई हैं। समयबद्ध तरीके से मामलों के निपटारे से न केवल भूमि विवादों में कमी आई है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून और व्यवस्था बनाए रखने में भी काफी मदद मिल रही है।