बदहाल सड़क से गुस्साए ग्रामीणों का रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा
नेतलपुर में एंबुलेंस न पहुंचने पर सड़क पर हुई थी प्रसूता की डिलीवरी
गुना।दयालवाणी
जिले में खराब सड़कों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया के क्षेत्र का वीडियो वायरल होने के बाद अब ग्रामीण अंचलों में भी लोग हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे हैं।
ऐसा ही एक मामला जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भदौरा के ग्राम नेतलपुर से सामने आया है, जहां सड़क निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाने शुरू कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस खराब सड़क के कारण कुछ दिन पहले गांव में एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाई थी, जिसके चलते एक गर्भवती महिला की डिलीवरी मजबूरन रास्ते में ही करनी पड़ी थी। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा है और उन्होंने चेतावनी दी है कि आगामी समय में गांव में जो भी नेता वोट मांगने आएगा, उसका कड़ा विरोध किया जाएगा और उससे सीधे तौर पर यही कहा जाएगा कि सड़क नहीं तो वोट भी नहीं मिलेगा। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि यह सड़क काफी समय पहले स्वीकृत हो चुकी है और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया द्वारा इसका भूमिपूजन भी किया जा चुका है, इसके बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है।