मोदी सरकार ने आतंकवादियों पर चलने वाले हथियारों से छात्रों पर चलवाई गोली: जयवर्धन सिंह

इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारी के लिए गुना में बैठक

मोदी सरकार ने आतंकवादियों पर चलने वाले हथियारों से छात्रों पर चलवाई गोली: जयवर्धन सिंह

गुना। दयालवाणी

बीते 12 वर्षों में मोदी सरकार के शासनकाल में परीक्षाओं के पेपर लीक और भारी अनियमितताएं हुई हैं। जब युवाओं और छात्रों ने अपने हक के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन किया, तो सरकार ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। जिन हथियारों का इस्तेमाल देश की सीमाओं पर आतंकवादियों के खिलाफ किया जाना चाहिए, भाजपा सरकार ने उनका प्रयोग निर्दोष आंदोलनकारी छात्रों पर किया। छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई और बिहार में आंदोलन दबाने के लिए एके-47 तक से गोलियां चलवाई गईं।

यह बात राघौगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने केंद्र और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर बोलते हुए कही। श्री सिंह इंदौर में आगामी 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में गुना कांग्रेस भवन में आयोजित एनएसयूआई की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए गुना के कांग्रेस भवन में एनएसयूआई के नेतृत्व में बैठक रखी गई। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय छात्र और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान जयवर्धन सिंह ने छात्रों को आॅनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ने और अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज बुलंद कर रहा है और इसी माध्यम से 'जेन-जी' ने सरकार की पोल खोली है। उन्होंने छात्रों को अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और शिक्षा के अधिकार के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने दशकों पहले आईआईटी और आईआईएम जैसी सर्वश्रेष्ठ संस्थाओं की स्थापना की थी, जिसकी बराबरी भाजपा सरकार आज तक नहीं कर पाई है।

राहुल गांधी के कार्यक्रम की दी जानकारी

जयवर्धन सिंह ने कहा कि भाजपा के राज में युवाओं को यह तक पता नहीं होता कि भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर क्या है। इस स्थिति को बदलने के लिए राहुल गांधी इंदौर में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो छात्रों को भर्ती परीक्षाओं का स्पष्ट वार्षिक कैलेंडर दिया जाएगा, ताकि परीक्षाएं समय पर पूरी हों। इसके अलावा राजस्थान की तर्ज पर पूरे शैक्षणिक सत्र में केवल एक ही बार फीस जमा करने की पारदर्शी नीति लागू की जाएगी। इन्हीं प्रमुख मांगों और युवा नीति पर चर्चा करने के लिए इंदौर में राहुल गांधी का यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।