रामलीला में श्रीराम के वनगमन और निषादराज मिलन ने दर्शकों को किया भावुक

माता कौशल्या का वात्सल्य और माता सुमित्रा की सीख ने दिया त्याग, कर्तव्य और समरसता का संदेश

रामलीला में श्रीराम के वनगमन और निषादराज मिलन ने दर्शकों को किया भावुक

गुना। दयालवाणी

गुना के शास्त्री पार्क में सोमवार को आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के वनगमन और निषादराज से आत्मीय मिलन के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। माता कौशल्या का वात्सल्य और माता सुमित्रा की कर्तव्यनिष्ठा से जुड़ी सीख ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के माध्यम से कलाकारों ने त्याग, मर्यादा, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

सार्वजनिक नव कला मंडल श्री रामलीला एवं दशहरा महोत्सव समिति, गुना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट विकास जैन नखराली ने समिति पदाधिकारियों के साथ श्रीराम दरबार के पूजन-अर्चन और रामायण जी की आरती कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सेवा, संस्कार और आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।

रामलीला के दौरान वनगमन से पहले भगवान श्रीराम द्वारा माता कौशल्या से आशीर्वाद लेने तथा माता सुमित्रा द्वारा लक्ष्मण को श्रीराम की सेवा को अपना धर्म मानने की सीख देने के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। वहीं, निषादराज और श्रीराम के मिलन ने मित्रता, समानता और मानवीय संबंधों की महत्ता को उजागर किया। प्रसंगों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में समिति संयोजक बृजेन्द्र सिंह पवैया (बंटी भैया), अध्यक्ष महावीर सिंह चौहान, महामंत्री अमित शर्मा (भार्गव), कोषाध्यक्ष ओम लोधा, उपाध्यक्ष नारायण लाल मेयर और सचिव निरंजन भाया सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

मंचन में श्रीराम की भूमिका दीपक शर्मा, लक्ष्मण की नरेंद्र कुशवाह, माता सीता की दिनेश, कैकेयी की गजराज चंदेल, राजा दशरथ की राम बाबू शर्मा और निषादराज की भूमिका जगदीश ने निभाई। सामंत की भूमिका मुलायम सिंह ने निभाई, जबकि व्यास भगवत ने कथा-वाचन किया। मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी रंजीत सिंह गुर्जर ने संभाली। अंत में समिति ने अतिथियों, श्रद्धालुओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।