सागर के खौफनाक मंजर के बाद गुना में दहशत

अवैध शराब कारोबार पर और शिकंजा कसने की उठी मांग

सागर के खौफनाक मंजर के बाद गुना में दहशत
आबकारी विभाग ने रविवार को भी बड़ी कार्रवाई की।

गुना।दयालवाणी

सागर जिले में जहरीली शराब से मचा मौत का तांडव अब पड़ोसी जिले गुना के लिए भी गंभीर चेतावनी बन गया है। सागर में 11 से अधिक लोगों की मौत और 35 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने के खौफनाक मंजर के बाद गुना जिले में भी दहशत का माहौल है। इस भीषण त्रासदी के बाद अब स्थानीय स्तर पर भी अवैध शराब के काले कारोबार पर और अधिक कड़ाई से शिकंजा कसने की जरूरत महसूस की जाने लगी है।

जिले में कई नेशनल हाइवे, ढाबों और अवैध ठिकानों पर बिक रही शराब पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की जा रही है। राजस्थान सीमा से सटे होने के कारण सीमा पार से भी अवैध और मिलावटी शराब की तस्करी की आशंका बनी रहती है। शराब माफियाओं के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस और आबकारी महकमे को और अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

गुना पुलिस की हालिया कार्रवाई, पर और कड़े कदम जरूरी

उल्लेखनीय है कि गुना पुलिस अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार सक्रिय रही है। हाल ही में पुलिस प्रशासन ने राघौगढ़ क्षेत्र के भानपुरा गांव सहित जिले के कई संदिग्ध ठिकानों पर बड़ी कार्रवाइयां की थीं। इन छापों के दौरान भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब, लहान और शराब बनाने की सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया गया था। हालांकि, सागर की दर्दनाक घटना के बाद आमजन और प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि पुलिस की पूर्व की कार्रवाइयों के आगे बढ़कर अब इस कारोबार में लिप्त पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर और अधिक सघन अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि जिले को किसी भी संभावित बड़ी त्रासदी से सुरक्षित रखा जा सके।

25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा व 650 किग्रा लाहन जब्त कर किया नष्ट

सागर जिले में घटी जहरीली शराब की दुखद घटना के बाद संभागीय उड़नदस्ता उपायुक्त ग्वालियर एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निदेर्शों पर जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध शराब निर्माण और भंडारण के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग के कार्यपालक बल द्वारा वृत्त गुना-2 के ग्राम आटाखेड़ी और ग्राम सुमरदा में सघन गश्त व दबिश की कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने कच्ची शराब के ठिकानों को नष्ट करते हुए लगभग 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 300 किलोग्राम लाहन जब्त किया। मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं वृत्त चांचौड़ा प्रभारी एल.आर. करोटिया के नेतृत्व में मृगवास व अन्य सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी की गई। यहाँ से 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 350 किलोग्राम गुड़-महुआ लाहन जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत 2 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। आबकारी विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुल 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 650 किलोग्राम गुड़-महुआ का लहान जब्त हुआ। जब्त किए गए लाहन को आबकारी टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। जब्त की गई पूरी सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 35 हजार रुपये आंका गया है। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।