12 घंटे की मशक्कत के बाद एनीकट के पास मिला शव
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सिंध नदी में डूबा 23 वर्षीय युवक
गुना। दयालवाणी
अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के उल्लास के बीच गुना-अशोकनगर सीमा पर स्थित सिंध नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे 23 वर्षीय एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। करीब 12 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद शनिवार सुबह उसका शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर एनीकट के पास बरामद किया गया है।
जानकारी सामने आई है कि पड़ोसी अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा निवासी 23 वर्षीय प्रदीप बुनकर शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए सिंध नदी पर गया था। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के लिहाज से एक निश्चित विसर्जन स्थल तय किया गया था, लेकिन प्रदीप और उसके साथी नदी के दूसरे हिस्से में चले गए। शाम करीब 5 बजे विसर्जन के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से प्रदीप गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। गुना से एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण रात करीब 9 बजे रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। अगले दिन शनिवार सुबह जैसे ही दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया, तो करीब 12 घंटे के भीतर घटनास्थल से 20-30 मीटर दूर एनीकट के पास से युवक का शव बरामद कर लिया गया। शाढ़ौरा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।