पीजी कॉलेज में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं का हुआ शुभारंभ

विद्यार्थियों को बांटी गईं पुस्तकें

पीजी कॉलेज में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं का हुआ शुभारंभ

गुना। दयालवाणी

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड गुना के तत्वावधान में शासकीय पीजी कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रमों के नए शैक्षणिक सत्र का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आशीष मंगल, बीडी शर्मा तथा विकासखंड समन्वयक अमित गोयल की गरिमामयी मौजूदगी रही। मुख्य अतिथि हरि सिंह ने विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और युवाओं से इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि आशीष मंगल ने जन अभियान परिषद द्वारा संचालित की जा रही सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। विकासखंड समन्वयक अमित गोयल ने बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रमों के मुख्य उद्देश्यों, कक्षाओं के संचालन और पाठ्यक्रम की रूपरेखा से विद्यार्थियों को अवगत कराया। समारोह के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकों का वितरण किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षक विनय प्रजापति द्वारा विद्यार्थियों को माटी के गणेश बनाने का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।