एक ही रात में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 126 वारंटी चढ़े पुलिस के हत्थे

एक ही रात में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 126 वारंटी चढ़े पुलिस के हत्थे

गुना। दयालवाणी

गुना जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल और संवेदनशील नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में, गत रात्रि जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ और एक ही समय पर सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान को अंजाम दिया गया। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे कुल 126 वारंटियों को धर दबोचा, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

अभियान से पहले सभी अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में रवाना किया था। पुलिस टीमों ने गुंडा बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जिलाबदर अपराधियों, इनामी बदमाशों और विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की सघन चेकिंग की। इस दौरान पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी और कुल 126 वारंटी (76 स्थायी और 50 गिरफ्तारी वारंटी) पुलिस के हत्थे चढ़े।

किस थाने ने कितने वारंटी पकड़े

विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई के तहत गुना कोतवाली क्षेत्र में 9 स्थायी और 8 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया, जबकि कैंट थाना क्षेत्र में 12 स्थायी और 7 गिरफ्तारी वारंटी पुलिस के शिकंजे में आए। इसी प्रकार बजरंगढ़ थाना क्षेत्र में 3 गिरफ्तारी वारंटी, म्याना थाना क्षेत्र में 4 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंटी, तथा बमौरी थाना क्षेत्र में 2 स्थायी और 6 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में 5 स्थायी वारंटी दबोचे गए, वहीं सिरसी थाना क्षेत्र में 1 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंटी धरे गए। राघौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत 3 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए, जबकि आरोन थाना क्षेत्र में 8 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंटियों पर कार्रवाई की गई। विजयपुर थाना क्षेत्र में 1 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंटी, धरनावदा थाना क्षेत्र में 3 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंटी, तथा चांचौड़ा थाना क्षेत्र में 13 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंटी पकड़ा गया। कुंभराज थाना क्षेत्र के अंतर्गत 4 स्थायी और 1 गिरफ्तारी वारंटी, मृगवास थाना क्षेत्र में 4 स्थायी वारंटी, मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र में 2 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंटी, तथा जामनेर थाना क्षेत्र में 5 स्थायी और 6 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई।

अपराधियों में दहशत, नागरिकों में सुरक्षा की भावना

कॉम्बिंग गश्त के दौरान चलाए गए इस सघन तलाशी अभियान से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में खौफ का माहौल है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण की दिशा में यह एक मजबूत कदम है। गुना पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी इसी दृढ़ता और निरंतरता के साथ जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी।