नानाखेड़ी मंडी में 1 करोड़ से अधिक की ठगी मामले में पुलिस नें महाराष्ट्र के सोलापुर से आरोपी को दबोचा, 19 लाख बैंक खातों में कराए फ्रीज

बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से मंडी में की थी गल्ला खरीदी, भुगतान किए बिना हुआ था फरार

नानाखेड़ी मंडी में 1 करोड़ से अधिक की ठगी मामले में पुलिस नें महाराष्ट्र के सोलापुर से आरोपी को दबोचा, 19 लाख बैंक खातों में कराए फ्रीज
पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

गुना। दयालवाणी

नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में गल्ला व्यापारियों के साथ 1 करोड़ रुपये से अधिक की बड़ी धोखाधड़ी के मामले में कैंट थाना पुलिस ने त्वरित और अंतर्राज्यीय कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के सोलापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों को चिन्हित कर उनमें मौजूद 19 लाख रुपये की राशि को फ्रीज करा दिया है।

नानाखेड़ी मंडी के गल्ला व्यापारी संजीव कुमार जैन, शिवनारायण कुशवाह, महेन्द्र कुशवाह और रामकृष्ण रघुवंशी सहित अन्य व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जाँच में सामने आया कि आरोपी सुनील शंकर पवार (45 वर्ष, निवासी मोहालताल, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र) 'बालाजी ट्रेडिंग कंपनी' के नाम से मंडी में व्यापार कर रहा था। पिछले दो महीनों में उसने व्यापारियों से बड़ी मात्रा में गेहूं की खरीदी की। शुरूआत में थोड़ा-बहुत भुगतान करने के बाद वह कुल 1,02,78,889 रुपये की बकाया राशि लेकर चंपत हो गया।

महाराष्ट्र में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट थाने में आरोपी सुनील पवार के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 678/26 दर्ज कर पड़ताल शुरू की गई। आरोपी के सोलापुर में छिपे होने की सटीक जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल महाराष्ट्र रवाना किया गया। तकनीकी दक्षता और स्थानीय तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को सोलापुर से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी जुटाकर उनमें जमा 19 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं। ठगी की शेष राशि की बरामदगी और बैंक लेन-देन की गहन जाँच जारी है।