पन्नालाल बोले-युद्ध में हमेशा पुरुष ही मारे गए, एक भी महिला नहीं मरी
विधायक प्रियंका ने बीच में टोका-महिलाआं ने भी दिया है बलिदान
गुना।दयालवाणी
नानाखेड़ी मंडी प्रांगण में मंगलवार को आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव-2026' में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर भारी बवाल खड़ा हो गया। कृषि से जुड़े मंच पर भाषण देते हुए विधायक पन्नालाल शाक्य ने पौराणिक और ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए महिलाओं पर तीखी टिप्पणी की और पुरुषों के विनाश का कारण महिलाओं को बता डाला।
विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंच से कहा, रामायण काल में रावण को उसके भाई ने बहुत समझाया कि पराई स्त्री को लाना मौत का सामान है, उसे ससम्मान वापस भेज दो। लेकिन उस युद्ध में कोई महिला नहीं मरी, सिर्फ आदमी ही मारे गए। महाभारत में भी एक पांचाली के चक्कर में एक करोड़ आदमी मारे गए, लेकिन महिलाएं कोई नहीं मरीं" इसके आगे इतिहास का उदाहरण देते हुए वे बोले, "पृथ्वीराज चौहान ने संयोगिता के चक्कर में कन्नौज से दिल्ली तक अपने 55 सामंत मरवा दिए। यह समझ आना चाहिए कि युद्धों और विनाश में हमेशा पुरुष ही मारे गए हैं, महिलाएं एक भी नहीं मरीं। सरेमंच विधायक की इस टिप्पणी पर मंच पर ही मौजूद चांचौड़ा से भाजपा की महिला विधायक प्रियंका मीना पेंची का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तुरंत खड़े होकर इस बयान को महिलाओं का सीधा अपमान बताते हुए कड़ा विरोध जताया और कहा, "भाईसाहब, यह गलत बात है! महिलाओं ने भी बलिदान दिया है।
विधायक पन्नालाल नें प्रियंका को टोका, दोनों के बीच बहस
अपनी ही पार्टी की महिला विधायक द्वारा विरोध किए जाने पर विधायक पन्नालाल शाक्य ने उन्हें टोकते हुए कहा, "हमने बहुत सारी किताबें पढ़ी हैं, आप हाथ जोड़कर निवेदन है कि बीच में न बोलें, चुपचाप बैठ जाएं। इसके बाद मंच पर ही दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जिसने महोत्सव के दौरान अच्छा-खासा राजनीतिक ड्रामा खड़ा कर दिया।