नानी ने अपनी ही बेटी पर लगाया नवासे के हत्या का आरोप
गुना। दयालवाणी
हड्डीमील क्षेत्र में एक मासूम बच्चे की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक बच्चे की नानी ने अपनी ही बेटी और उसके साथ रह रहे व्यक्ति पर मासूम की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई के दौरान पीड़िता ने रो-रोकर प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाई और मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। इसके साथ ही एसपी को भी शिकायती आवेदन सौंपा गया है।
हड्डीमील निवासी संजीदा बानो ने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2019 में चंदेरी में हुई थी। शादी के बाद उनकी बेटी के दोनों बच्चों का जन्म और परवरिश मायके में संजीदा की देखरेख में ही हुआ था। इस दौरान बेटी का पति से तलाक हो गया, जिसके बाद वह असलम खान नामक युवक के साथ रहने चली गई। इस बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ, तो बेटी ने कोतवाली थाने में अपनी मां के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करा दी थी। इसके बाद करीब 20 दिन पहले संजीदा बानो ने दोनों बच्चों को उनकी मां के सुपुर्द कर दिया था। संजीदा बानो का आरोप है कि उनकी बेटी और असलम ने मिलकर उनके मासूम नवासे की हत्या कर दी है। पीड़िता ने कलेक्टर से मांग की है कि मासूम की संदिग्ध मौत की गहराई से जांच कराई जाए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।