फतेहगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

23 मई से लापता थी 12 वर्षीय बालिका, 27 अगस्त को दस्तयाब; 28 अगस्त को आरोपी गिरफ्तार

फतेहगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

गुना। दयालवाणी

फतेहगढ़ थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में गुना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने बालिका के कथनों के आधार पर अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 की सुबह नाबालिग बालिका के लापता होने पर उसके पिता ने फतेहगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 103/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू की।

फतेहगढ़ थाना पुलिस ने लगातार संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ सक्रिय मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी जानकारी जुटाई। पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप 27 अगस्त 2026 को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।

दस्तयाबी के बाद पुलिस ने बालिका के कथन दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, बालिका ने आरोपी दीपक पुत्र पूरन सिंह कुशवाह, निवासी ग्राम गौरा, थाना बहादुरपुर, जिला अशोकनगर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया।

बालिका के कथनों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 64(1), 64(2)(M) बीएनएस तथा धारा 5L/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई। 28 अगस्त 2026 को पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुशवाह, उम्र 24 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस कप्तान हितिका वासल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गुना  विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका:
फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप सिंह रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर सहित थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी एवं साइबर सेल के आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया और आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।