गोपीकृष्ण सागर बांध की ऑपरेटिंग गैलरी की सुरक्षा में भारी चूक

प्रतिबंधित क्षेत्र में टहलते नजर आए सैलानी

गोपीकृष्ण सागर बांध की ऑपरेटिंग गैलरी की सुरक्षा में भारी चूक
ऑपरेटिंग गैलरी में टहल रहे लोग।

गुना। दयालवाणी

गोपीकृष्ण सागर बांध की सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। बांध की जिस आॅपरेटिंग गैलरी में आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है और जहां केवल प्रशिक्षित कर्मचारियों का ही अधिकार होता है, वहां रविवार को बेधड़क छोटे बच्चों समेत कई सैलानी टहलते हुए नजर आए।

खास बात यह है कि इस संवेदनशील क्षेत्र के बाहर प्रवेश निषेध का बोर्ड भी चस्पा है, इसके बावजूद लोग आसानी से अंदर पहुंच गए। जानकारों के अनुसार, बांध की यह आॅपरेटिंग गैलरी बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होती है, जहां बांध के गेट खोलने के उपकरण और नियंत्रण लीवर मौजूद रहते हैं। जलस्तर बढ़ने पर कर्मचारी यहीं से बांध के गेटों का संचालन करते हैं। गैलरी में सैलानियों का यूं बेरोक-टो टोक पहुंचना यह साफ दशार्ता है कि जीकेएस के इस अति-महत्वपूर्ण और तकनीकी क्षेत्र को जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक के कारण किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है या बांध की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।