राजस्थान का अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.30 लाख का मशरूका जब्त
फतेहगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गुना। दयालवाणी
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए राजस्थान से आए एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 2 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
12 सितंबर 2026 की रात पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी ग्राम कोहन के रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, जिस पर मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद सहरिया (35 वर्ष), निवासी ग्राम प्रेमपुरा बजरंगगढ़, थाना नाहरगढ़, जिला बारां (राजस्थान) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से 1.910 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने 50 हजार रुपये मूल्य का गांजा और 80 हजार रुपये की मोटरसाइकिल सहित कुल 1.30 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ फतेहगढ़ थाने में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड संपर्कों तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की गहन पड़ताल कर रही है।