एसआईआर के मुद्दे पर भ्रम फैला रहे राहुल और कांग्रेस

जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिला अध्यक्ष का आरोप

एसआईआर के मुद्दे पर भ्रम फैला रहे राहुल और कांग्रेस
पत्रकारवार्ता में जानकारी देते भाजपा नेता।

गुना। दयालवाणी

एसआईआर के मुद्दे पर घिरे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में भाजपा भी मैदान में कूंद गई है। पार्टी की ओर से जगह-जगह स्पष्टीकरण दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में मंगलवार को गुना में जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर देश की संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ भ्रम फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। नेताओं ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा एसआईआर और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर लगातार जनता को गुमराह किया जा रहा है, जो कि अत्यंत निंदनीय है।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और आयोग ने पहले ही यह साफ कर दिया है कि चुनाव से जुड़े सभी फैसले तीनों आयुक्तों के संयुक्त निर्णय के बाद लिए जाते हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी केवल मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर चुनाव आयोग और देश की न्यायप्रणाली जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप मढ़ रहे हैं, जो न्यायसंगत नहीं है। फॉर्म 6 से जुड़े नियमों में बदलाव को लेकर राहुल गांधी के आरोपों को निराधार बताते हुए नेताओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में स्थिति पहले ही स्पष्ट कर चुका है, इसलिए उन्हें यह बताना चाहिए कि वे किस आधार पर ऐसे आरोप लगा रहे हैं।

बार-बार गलत साबित होते हैं राहुल

जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ ने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस और राहुल गांधी ने इस तरह के आरोप लगाए हों। इससे पहले 2024 में ईवीएम को 'ब्लैक बॉक्स' कहकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए, 2019 में 'चौकीदार चोर है' का नारा देकर सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगनी पड़ी, और सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर सेना का अपमान किया गया। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारतीय लोकतंत्र और न्यायपालिका को कठघरे में खड़ा किया गया है। नेताओं ने दो टूक कहा कि अपने विचार रखना एक अलग बात है, लेकिन देश में लगातार भ्रम और अविश्वास की स्थिति पैदा करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है।