दयाल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
गुना। दयालवाणी
दयाल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा धारण कर पौराणिक पात्रों के रूप में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटकों और विभिन्न प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और दी गई शिक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे बच्चों को सनातन धर्म के प्रति प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के अंत में स्कूल संचालक नरेंद्र प्रताप द्विवेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन में यह सांस्कृतिक व प्रेरणादायक समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।