धूमधाम से मनाई राष्ट्रवीर दुगार्दास राठौर की 388वीं जयंती
निकली भव्य शोभायात्रा, प्रतिभाओं का किया गया सम्मान
गुना। दयालवाणी
शहर में राठौर समाज द्वारा राष्ट्रवीर दुगार्दास राठौर की 388वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर हनुमान मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका मार्ग में स्थान-स्थान पर स्वागत हुआ। लक्ष्मीगंज चौराहे पर साहू समाज द्वारा शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के पश्चात एक निजी गार्डन में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के सेवाभावी बुजुर्गों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए समाज के संरक्षक प्रेमनारायण राठौर ने सामाजिक एकता पर विशेष जोर दिया और समाज द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में संयोजक पवन राठौर, अध्यक्ष मुकेश राठौर, महामंत्री राजेंद्र राठौर और कोषाध्यक्ष राजेश राठौर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।