महज 04 घंटे में खोज निकाला चोरी हुआ पांच लाख का ट्रैक्टर

सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से आरोपी गिरफ्तार

महज 04 घंटे में खोज निकाला चोरी हुआ पांच लाख का ट्रैक्टर

गुना।दयालवाणी

पुलिस ने बेहतरीन टीमवर्क और सूझबूझ का परिचय देते हुए बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुए करीब 5 लाख रुपये कीमत के आयसर ट्रैक्टर को महज चार घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को भी धर दबोचा है।

घटना 30-31 अगस्त 2026 की दरमियानी रात की है, जब भौरागिर्द निवासी प्यारे खाँ ने डायल-112 पर अपने आयसर ट्रैक्टर क्रमांक टढ08 अअ 8443 के चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज किया और संभावित मार्गों पर तलाश शुरू कर दी। पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए जिलेभर की टीमों को अलर्ट किया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में ट्रैक्टर गुना शहर की ओर आता दिखा, जिसकी पहचान भौरागिर्द निवासी 36 वर्षीय सोनू पुत्र प्यार खाँ के रूप में हुई। साइबर सेल की मदद से संदिग्ध को तुरंत ट्रेस किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह ट्रैक्टर चोरी कर गुना लाया था, लेकिन शहर में पुलिस की चौकसी और गश्त देखकर उसे पकड़े जाने का डर हुआ, जिससे वह ट्रैक्टर को गायत्री मंदिर के पास छोड़कर अपने गांव भाग गया था। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। इस पूरी कार्रवाई में बजरंगगढ़ थाना, कैंट थाना, पुलिस कंट्रोल रूम और साइबर सेल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने आपसी तालमेल और तत्परता दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर इस वारदात का पदार्फाश कर दिया, जिसकी इलाके में काफी सराहना हो रही है।