शिक्षकों ने लिया संकल्प, नहीं भरेंगे टीईटी परीक्षा का फार्म

पार्क में बैठक कर बनाई रणनीति

शिक्षकों ने लिया संकल्प, नहीं भरेंगे टीईटी परीक्षा का फार्म

गुना।दयालवाणी

स्वतंत्रता पार्क में शिक्षकों की एक विशेष बैठक रखी गई, जिसमें अध्यापक और शिक्षक वर्ग से जुड़ी विभिन्न गंभीर समस्याओं और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ स्थानीय मांगों को लेकर भी मुखर विरोध दर्ज कराया गया।

इस दौरान मुख्य रूप से टीईटी शिक्षक पात्रता परीक्षा का मुद्दा छाया रहा। चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले देशव्यापी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शिक्षक भाग लेंगे। इसके लिए 20 सदस्यीय एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पहले से नियुक्त शिक्षकों पर किसी भी कानून को भूतलक्षी प्रभाव से लागू करना न्यायसंगत नहीं है, क्योंकि राइट टू एजुकेशन एक्ट लागू होने के बाद पहले से सेवारत शिक्षकों की पात्रता परीक्षा लेना उचित नहीं है। बैठक में सर्वसम्मति से यह शपथ ली गई कि कोई भी शिक्षक साथी टीईटी परीक्षा का फॉर्म नहीं भरेगा और अन्य साथियों को भी स्वेच्छा से इसके बहिष्कार के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, परीक्षा में फेल होने पर नौकरी से बाहर किए जाने जैसी आशंकाओं को लेकर रोष व्यक्त किया गया और इसके विरोध में शपथ पत्र भरने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा स्थानीय समस्याओं पर भी गंभीर चिंता जताई गई, जिसमें क्रमोन्नति आदेश जारी न होने, क्रमोन्नति वेतनमान समय पर न मिलने, क्रमोन्नति एरियर का भुगतान अटकने तथा ई-अटेंडेंस व्यवस्था के कारण जुलाई माह का वेतन रोके जाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। वक्ताओं ने आश्वस्त किया कि सभी शिक्षक एकता के साथ मिलकर इन समस्याओं का समाधान निकालेंगे। बैठक में संतोष श्रीवास्तव, निर्भय सक्सेना, विनोद रघुवंशी, राजमणि दुबे, देवेंद्र गौर, प्रियंवदा लिटोरिया, संजय शर्मा, दिनेश जाटव, दिलीप शर्मा, साधना श्रीवास्तव, मधु रघुवंशी, विनोद दीक्षित, बृजेश त्रिपाठी समेत सैकड़ों की संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।