युवक की हत्या कर कुएं में फेंका शव, हाथ-पैर बंधे मिले
परिजनों ने जबरन काम कराने के लिए ले जाकर हत्या का लगाया आरोप
गुना।दयालवाणी
जिले के मधुसूदनगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम करेला में सोमवार को एक 18 वर्षीय युवक का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम धक्कापुरा निवासी 18 वर्षीय लखन अहिरवार के रूप में हुई है। शव के पैर बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस थाने का घेराव किया। हालांकि समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजन के मुताबिक 11 सितंबर को कोई व्यक्ति लखन को जबरन काम कराने के सिलसिले में अपने साथ ले गया था। इसके बाद से ही वह लापता था। सोमवार, 14 सितंबर को उसका शव ग्राम करेला स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि काम कराने के बहाने ले जाकर लखन की निर्मम हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया गया। मृतक के हाथों और गर्दन पर चोट व कसने के निशान भी पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयानों के आधार पर संदेहियों की तलाश की जा रही है।