घटावदा मामले में नया मोड़, ग्रामीण बोले-प्राचार्य को हटाओ
जिनकी कोई गलती नहीं थी, उन्हें बर्खास्त कर दिया गया
गुना।दयालवाणी
आरोन के घटावदा शासकीय स्कूल में 17 अगस्त को सामने आए बहुचर्चित यूरीनकांड में शिक्षकों पर कार्रवाई से ग्रामीण संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और स्कूल प्रिंसिपल को हटाने की मांग कर डाली।
बता दें कि 17 अगस्त को एक छात्र ने कथित तौर पर 4 से 5 छात्राओं की पानी पीने वाली बोतलों में यूरीन मिला दिया था। इस मामले का खुलासा अगले दिन उस समय हुआ, जब छात्राओं ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। पीड़ित छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंचे और हंगामा कर दिया। जिला प्रशासन भी हरकत में आया और दो अतिथि शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि कुछ अन्य शिक्षकों पर भी निलंबन की गाज गिर चुकी है। लेकिन सोमवार को गुना आए घटावदा के ग्रामीणों ने दावा किया कि इस तरह की घटनाओं की असल जड़ प्रिंसिपल हैं, जो जातिवादी मानसिकता के साथ काम कर रहे हैं। ग्रामीणों ने दावा किया कि प्रिंसिपल ने स्कूल में छात्रों के जाति आधारित अलग गुट भी बनवा दिए हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि इस मामले में जिन शिक्षकों को बर्खास्त किया गया है, असल में वे तो घटना वाले दिन स्कूल आए ही नहीं थे। घटावदा के ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर के नाम दिए गए ज्ञापन में स्कूल प्राचार्य को तीन दिन में हटाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर इस समय अवधि में ग्रामीणों को नहीं हटाया जाता है तो वे अपने बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर देंगे।