मधुसूदनगढ़ में बस स्टैंड निर्माण पर गरमाई सियासत

भाजपा विधायक प्रियंका मीना और भाजपा नेता रुद्रदेव सिंह आमने-सामने

मधुसूदनगढ़ में बस स्टैंड निर्माण पर गरमाई सियासत

गुना। दयालवाणी

जिले के मधुसूदनगढ़ में बस स्टैंड का निर्माण अब सियासी अखाड़ा बन गया है, जहां सत्ताधारी दल (भाजपा) के दो दिग्गज नेता ही आमने-सामने आ गए हैं। इस राजनीतिक रस्साकशी के चलते बस स्टैंड का प्रोजेक्ट फाइलों में कैद होकर रह गया है और आम जनता परेशान हो रही है।

विवाद की सुई तब घूमी जब विधायक प्रियंका मीना ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अपनी जमीन बचाने के लिए भोपाल रोड पर बस स्टैंड बनवाना चाहते हैं, जिनकी जमीनें प्रस्तावित भूमि से सटी हुई हैं। इस पर पलटवार करते हुए भाजपा जिला मंत्री रुद्रदेव सिंह ने दो टूक कहा कि उनकी प्रस्तावित भूमि के आसपास कोई निजी जमीन नहीं है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि चिन्हित स्थान पर उनकी जमीन निकलती है, तो वे राजनीति छोड़ने तक को तैयार हैं। उन्होंने जनता की आवाज उठाते रहने का संकल्प भी दोहराया। असली पेंच यह है कि करीब चार साल पहले तत्कालीन द्वारा भोपाल रोड पर बस स्टैंड के लिए जमीन आवंटित की गई थी, लेकिन उसी जगह पर कुशवाहा समाज का लवकुश मंदिर बना हुआ है। विधायक प्रियंका मीना इस स्थान के बजाय किसी अन्य जगह पर बस स्टैंड बनवाना चाहती हैं, जबकि आवंटित जमीन लवकुश मंदिर के पास की है। दोनों नेताओं के बीच तालमेल के अभाव और इस राजनीतिक छीनाझपटी का खामियाजा अंतत: आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें आज तक बस स्टैंड की सौगात नहीं मिल पाई है।