म्याना ग्राम में पोषण प्रदर्शनी का आयोजन, पौष्टिक व्यंजनों से दिया संतुलित आहार का संदेश
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार किए पौष्टिक व्यंजन, प्रथम-द्वितीय एवं तृतीय प्रतिभागियों का हुआ चयन
गुना।दयालवाणी
09वें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना गुना ग्रामीण के सेक्टर म्याना अंतर्गत म्याना ग्राम में पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री के उपयोग और संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
प्रदर्शनी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर प्रदर्शित किए। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शित व्यंजनों में इस्तेमाल की गई सामग्री, उनके पोषक तत्वों और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं, बच्चों तथा किशोरी बालिकाओं के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व को समझाया गया। लोगों को बताया गया कि स्थानीय और आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल कर पोषण स्तर में सुधार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक वंदना दुबे तथा पीरामल फाउंडेशन से नीरज जी एवं लीना जी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
व्यंजनों की गुणवत्ता और प्रस्तुतीकरण का किया गया मूल्यांकन
पोषण प्रदर्शनी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का अवलोकन किया गया। व्यंजनों की गुणवत्ता, पौष्टिकता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। इसके आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रतिभागियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय खाद्य सामग्री के अधिकतम उपयोग, संतुलित आहार और बेहतर पोषण के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।